52 गांव बनाल पट्टी और 12 गांव सिराईं पट्टी के आराध्य देव मूलक पति राजा रघुनाथ 37 वर्ष बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए रवाना हुए। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने देव डोली के साथ क्षेत्र में शोभा यात्रा निकाली। इसके बाद राजा रघुनाथ ढोल दमांऊ आदि वाद्य यंत्रों की थाप के साथ आठ दिन की यात्रा के लिए रवाना हुए।
शुक्रवार को बनाल पट्टी के पुजेली स्थित देव डोखरी थान से राजा रघुनाथ की पालकी भव्य शोभायात्रा के साथ दो धामों की यात्रा के लिए रवाना हुई। मूलक पति राजा रघुनाथ चंबा गौरीकुंड होते हुए केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। केदारनाथ में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद, वह बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मूलक पति राजा रघुनाथ की यह यात्रा क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि और कल्याण लेकर आएगी। वर्षों बाद हो रही इस पवित्र यात्रा में शामिल होने के लिए युवा और बुजुर्ग सभी उत्साहित हैं।