डीएम मयूर दीक्षित एवं एसपी मणिकांत मिश्रा ने नगुण बैरियर का निरीक्षण कर यहां तैनात अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वालों को रजिस्ट्रेशन व आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद ही जिले में प्रवेश दिया जाएगा।
मंगलवार को नगुण बैरियर पहुंचे डीएम और एसपी ने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए एहतियात बरतना व कोविड गाइड लाइन का अनुपालन करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वालों को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण व आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद ही जिले में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। साथ ही उत्तराखंड के अन्य जिलों से आने वालों को भी पूरी पड़ताल तथा कोविड के लक्षण होने पर सैंपलिंग कराने के बाद ही जिले में प्रवेश दिया जा रहा है।