चारधाम यात्रा को लेकर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने की व्यापारियों के साथ बैठक
उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर नगर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने व्यापारियों और होटल, ढाबा संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सड़कों पर वाहनों को पार्क न करवाएं। साथ ही अतिक्रमण भी न किया जाए।
नगर कोतवाली में आयोजित बैठक में व्यापारियों सहित होटल व्यवसायियों और ढाबा संचालकों के साथ चारधाम यात्रा को व्यवस्थित संचालन के लिए विचार विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान अगर किसी होटल और ढाबे में मादक पदार्थों का सेवन करते हुए काई पाया गया। तो उसके खिलाफ सहित संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन के कारण यात्रा के दौरान जनपद की छवि धूमिल होती है। साथ ही कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से होटल में ठहरने वाले तीर्थयात्रियों का रिकार्ड, रजिस्टर, आईडी कार्ड आदि की पूरी जानकारी रखें। वहीं, अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखकर उनका संचालन सही तरीके से किया जाए।
नगर कोतवाल दिनेश कुमार ने कहा कि यात्रा के दौरान कई बार यात्रियों के साथ बदसलूकी की घटनाएं भी सामने आती हैं। इसलिए इन्हें रोकने के लिए अतिथि देवा भव की परंपरा के साथ कार्य किया जाए। वहीं इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस का सहयोग भी करें। इस दौरान पुलिस की ओर से साइबर धोखाधड़ी, नशे के दुष्प्रभावों, यातायात व सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया।