बड़कोट। होली पर्व को देखते हुए नगर कोतवाली में थाना प्रभारी रणवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तेज आवाज में डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।
सोमवार को हुई बैठक में नगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पुलिस ने सभी से होली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और मर्यादा के साथ मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अभद्रता, जातीय या धार्मिक टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा न करने की भी अपील की गई। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष धनवीर रावत, महामंत्री सोहन गैरोला, सभासद संजीव राणा, तेजेंद्र बिष्ट, कमेश रावत, पूरण फर्स्वाण, जय सिंह पंवार, विनोद राणा आदि थे।