जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लक्षण वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है, जिससे जिला अस्पताल पर भार बढ़ता जा रहा है। कोविड मरीजों की निगरानी और उपचार की जिम्मेदारी इकलौते फिजीशियन पर है। ऐसे में स्थानीय लोग हरिद्वार महाकुंभ ड्यूटी पर भेजे गए फिजीशियन को भी वापस बुलाने की मांग कर रहे हैं।
जिला अस्पताल में दो फिजीशियन नियुक्त हैं, लेकिन इनमें से एक डा. दिनेश धर्मशक्तु को तीन माह पूर्व महाकुंभ ड्यूटी पर हरिद्वार भेजा गया था। अब हरिद्वार में ही बनाए गए कोविड अस्पताल में उनकी सेवाएं ली जा रही हैं। ऐसे में उत्तरकाशी जिला अस्पताल में कोविड मरीजों के उपचार का जिम्मा अकेले फिजीशियन डा. सुबेग सिंह के कंधों पर आ गया है।
वर्तमान में जिला अस्पताल में 85 और जीएमवीएन में बनाए गए कोविड अस्पताल में 80 कोविड मरीज भर्ती हैं। जिला अस्पताल में कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच डा. सुबेग सिंह को 24 घंटे सेवाएं देनी पड़ रही हैं। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा.एसडी सकलानी ने स्वीकारा कि अस्पताल में सिर्फ एक फिजीशियन होने से कुछ दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि उन्होंने व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए एनेस्थीसिया आदि अन्य चिकित्सकों को भी कोविड ड्यूटी में लगाया हुआ है।