जिला मुख्यालय में मंगलवार को भगवान हनुमान का जन्मोत्सव सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में सांकेतिक शोभायात्रा निकालकर हनुमान मंदिर की पुरानी ध्वजा को गंगा भागीरथी में समर्पित करने के साथ ही मंदिर पर नई ध्वजा फहराई गई।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए मंदिर समिति ने इस बार जन्मोत्सव कार्यक्रम सादगी से मनाने का निर्णय लिया। मंगलवार सुबह मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं कुछ श्रद्धालु हनुमान मंदिर में एकत्र हुए। यहां हनुमान मंदिर की पुरानी ध्वजा को उतारकर शोभायात्रा के साथ पौराणिक मणिकर्णिका घाट ले जाया गया। जहां पुरानी ध्वज विसर्जित की गई। इसके बाद हनुमान मंदिर पर नई ध्वजा फहराई गई। श्रद्धालुओं ने नए ध्वज पर श्रीफल बांध कर मनौतियां मांगी। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में श्रीराम कथा एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मंदिर के पुजारी शिव प्रसाद भट्ट ने हनुमान जन्मोत्सव की कथा सुनाते हुए सभी लोगों से भगवान में आस्था एवं विश्वास रखने की अपील की। इस मौके पर देश दुनिया को कोविड महामारी के प्रकोप से निजात दिलाने की कामना की गई। कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष हरी सिंह राणा, मोहन तलवाड़, भूपेश कुड़ियाल, विनोद कालड़ा, विशालमणि मिश्रा, भूदेव कुड़ियाल, जयेंद्र बिष्ट, हरीश बलोनी, रमेश भट्ट, नंदराम सेमवाल, डा.महेश भट्ट, गिरीश भट्ट आदि लोग मौजूद रहे।