पुरोला। पुरोला को अलग जिला बनाए जाने की मांग को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर सुगबुगाहट तेज हो गई है। इस मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस के श्रम प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार ने 30 जनवरी को खेल मैदान में महापंचायत आयोजित करने का आह्वान किया है।
प्रकाश कुमार ने क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से महापंचायत में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुरोला क्षेत्र लंबे समय से भौगोलिक, प्रशासनिक एवं विकास संबंधी उपेक्षा का सामना कर रहा है और जिला गठन से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है।
महापंचायत को लेकर प्रकाश कुमार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वे वाहन में माइक लगाकर ग्रामीणों व नगरवासियों को 30 जनवरी को खेल मैदान में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महापंचायत किसी एक संगठन या दल की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनभावना को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का माध्यम होगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि इस महापंचायत के बाद पुरोला को अलग जिला बनाने की मांग और भी तेज होगी। संवाद