धौंतरी के चरगढ़ी-बागी गांव में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोग परेशान
ग्रामीणों का आरोप, ट्रैक को ऐसे स्थान पर बनाया गया है जहां स्रोत ही नहीं
उत्तरकाशी। धौंतरी उपतहसील के चरगढ़ी-बागी गांव के ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल जीवन मिशन योजना के तहत लाखों की लागत से पाइप लाइन तो बिछा दी गई लेकिन उस पर करीब डेढ़ वर्ष से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि टैंक को ऐसे स्थान पर बनाया गया जहां पर पानी का स्रोत भी नहीं है।
चरगढ़ी गांव के रमेश भट्ट, शांति प्रसाद, नरेश सेमवाल, नागेंद्र सेमवाल का कहना है कि गांव में बागी गांव से विस्थापित होकर करीब 50 परिवार निवास करते हैं लेकिन इन परिवारों के लिए आजतक पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। पहले गांव के लिए स्वजल के माध्यम से पाइपलाइन बिछाई गई थी लेकिन उसका रखरखाव नहीं होने के कारण उस पर भी आपूर्ति नहीं हो रही है।
वहीं, डेढ़ वर्ष पूर्व जल संस्थान की ओर से लाखों की लागत से जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई गई लेकिन उसके मुख्य हेड के टैंक का निर्माण ऐसे स्थान पर कर दिया गया जहां पर जलस्रोत ही नहीं है। इससे डेढ़ वर्ष से उन पाइप लाइनों में पानी नहीं आ रहा हैं। साथ ही विभाग की ओर से पानी के बिल घर-घर भेजे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी उन्हें पेयजल स्रोतों से पानी लाने के लिए कंडियों में बर्तन लेजाकर आपूर्ति पूरी करनी पड़ती है। इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।