कांग्रेस सहित सामाजिक संगठनों ने की वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग
चिन्यालीसौड़। अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर बीते शुक्रवार देर शाम कांग्रेस सहित सामाजिक संगठनों के लोगों ने मुख्य बाजार से पीपल मंडी तक कैंडल मार्च निकाला। आंदोलनकारियों ने हत्याकांड से जुड़े वीआईपी के नाम का खुलासा करने और दोषियों को फांसी देने की मांग उठाई।
बीते शुक्रवार देर शाम को जोगत रोड चौराहा पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल के नेतृत्व में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चिन्यालीसौड़ बाजार से कैंडल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने सरकार से अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग करते हुए सरकार पर वीआईपी को बचाने का आरोप लगाया।
यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में वीआईपी नेताओं का नाम आ रहा है। भाजपा के वीआईपी नेताओं के नाम आने के बाद से प्रदेश की जनता में आक्रोश है। लोग मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच कराने चाहते हैं। अगर सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत, ब्लाक अध्यक्ष जसबीर सिंह चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल, सुमन बडोनी मौजूद थे।