उत्तरकाशी। इको सेंसिटिव जोन (पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र) के विरोध में स्थानीय लोगों ने मंगलवार से कलक्ट्रेट में क्रमिक धरना शुरू कर दिया। धरना स्थल पर 18 दिसंबर को काला दिवस मनाकर इस दिन जिला मुख्यालय एवं भटवाड़ी क्षेत्र में किए जाने वाले बंद को सफल बनाने की अपील की गई। आंदोलनकारियों ने 18 तारीख को चक्काजाम के साथ ही समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल-कालेज और सरकारी कार्यालय बंद कराने का ऐलान किया।
तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार से कलक्ट्रेट में क्रमिक धरना आंदोलन शुरू किया गया। भटवाड़ी के ब्लाक प्रमुख चंदन सिंह पंवार ने कहा कि 18 दिसंबर को काला दिवस मनाने के बाद रोजाना भटवाड़ी ब्लाक के एक-एक गांव के ग्रामीण धरने में शामिल होंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पंवार ने इको सेंसिटिव जोन के विरोध में सभी व्यापारियों से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। भटवाड़ी के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेश चौहान एवं लोकेंद्र बिष्ट ने कहा कि इस काले कानून के खिलाफ सभी लोगों को दलगत राजनीति से उठकर एकजुट होने की जरूरत है। यदि समय रहते सभी नहीं जागे, तो क्षेत्र का विकास पूरी तरह अवरुद्ध हो जाएगा।
संयुक्त संघर्ष समिति ने निर्णय लिया कि 18 दिसंबर को जिला मुख्यालय और समूचे भटवाड़ी ब्लाक में तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल कालेज तथा सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इस दिन चक्काजाम भी रहेगा। पहले दिन संजय पंवार, विजेंद्र नौटियाल, विजेंद्र गुर्साइं, अरविंद नेगी, बीना पंवार, जितेंद्र राणा, महावीर भट्ट, संतोष कुमार, रीना पंवार, कृष्णा रावत, सावित्री मखलोगा आदि दर्जनों लोग धरने में शामिल हुए।