उत्तरकाशी। संसदीय सचिव गंगोत्री विधायक विजयपाल सजवाण शनिवार को गंगोत्री मुखबा से शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा से जहां देश-विदेश से आने वाले यात्री तीर्थ मंदिरों में पूजा-अर्चना के पुण्य लाभ के साथ प्रकृति के नजारों का लुत्फ ले सकेंगे, वहीं स्थानीय यात्रा कारोबारियों को भी इससे लाभ मिलेगा।
विधायक सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शीतकालीन यात्रा के प्रति गंभीर है। शीतकालीन यात्रा पड़ावों तक सड़क, संचार, बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुखबा एवं धराली में संचार सेवा की दिक्कत को देखते हुए जल्द ही कछोरा में बीएसएनएल का मोबाइल फोन टावर लगवाया जाएगा। जाड भोटिया समुदाय का गांव बगोरी भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने, इसके लिए बगोरी तक सड़क स्वीकृत की गई है। मुखबा सड़क के डामरीकरण को भी स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को गंगोत्री मुखबा से शीतकालीन यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। जल्द ही स्थानीय देव डोलियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मुखबा की यात्रा करेंगे। ट्रेकिंग एवं होटल एसोसिएशन, बस एवं टैक्सी यूनियन, तीर्थ पुरोहितों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शीतकालीन यात्रा को गति प्रदान की जाएगी। सजवाण ने कहा कि वर्षपर्यंत तीर्थाटन पर्यटन से स्थानीय लोगों को यहीं रोजगार के अवसर मिलने से पलायन पर भी रोक लग पाएगी। उन्होंने सभी लोगों से इसमें सहयोग की अपेक्षा की।
कैबिनेट की बैठक उत्तरकाशी में कराने का प्रयास
उत्तरकाशी। गैरसैंण एवं केदारनाथ के बाद अब गंगोत्री विधायक विजयपाल सजवाण ने सीमांत जनपद उत्तरकाशी में उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर निर्णय हो जाएगा। इससे निश्चित ही उत्तरकाशी को लाभ मिलेगा।