उत्तरकाशी। टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने जून की आपदा से हुए नुकसान के लिए सरकारी मशीनरी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अभी भी सरकार के पास सबक लेने के लिए समय है। शीघ्र ही बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा करने के लिए कार्यदायी विभागों की जवाबदेही तय की जाए।
सांसद राज्यलक्ष्मी शाह ने सुक्की, झाला और हर्षिल क्षेत्र के साथ ही जोशियाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीनों क्षेत्रों में शीतकाल के लिए पर्याप्त रसद भेजने की भी बात कही। इस दौरान जल विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि जोशियाड़ा से पावर हाउस तक बाढ़ सुरक्षा कार्यों के टेंडर हो गए हैं और शीघ्र कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। सांसद ने कहा यदि समय पर कार्य हो जाते तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के निर्माण कार्यों की अनुमति न देने को कहा।