नौगांव। क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती और राजमार्ग की दुर्दशा से परेशान व्यापारी आंदोलन के लिए लामबंद हो गए हैं। बुधवार को नौगांव चौराहे पर व्यापारियों ने सांकेतिक जाम लगा कर रोष प्रकट किया। उन्होंने क्षेत्र में राजमार्ग की दशा और अघोषित विद्युत कटौती किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ब्लॉक मुख्यालय समेत आसपास ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से परेशान व्यापारियों और छात्रों गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने खस्ताहाल बने यमुनोत्री राजमार्ग की हालात में सुधार लाने और विद्युत कटौती बंद करने की मांग को लेकर नौगांव चौराहे पर सांकेतिक जाम लगाया। जाम स्थल पर पहुंचे एसडीएम परमानंदराम और ऊर्जा निगम के एई के लिखित में आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने राजमार्ग की दशा में सुधार नहीं लाने तथा विद्युत कटौती जल्द समाप्त नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। जाम लगाने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष शाशि मोहन राणा, अंकित रमोला, अजब सिंह, देवेंद्र रावत, जगदीश असवाल, मनवीर चौहान, कबूल पंवार, रोहित रावत, नवीन चंद, विजय राणा सहित कई शामिल थे।