उत्तरकाशी। बरसाली क्षेत्र में वर्षों से लटकी सड़कों तथा अन्य समस्याओं को लेकर क्षेत्र की जनता लामबंद होने लगी है। जनप्रतिनिधियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में त्वरित कार्रवाई न होने पर सात जनवरी से आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएम से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने अवगत कराया कि क्षेत्र में नाकुरी-कुंसी-बरसाली, नाकुरी-सिंगोट, बंदरकोट-जुगुल्डी-पंजियाला, ज्ञानसू-साल्ड-ऊपरीकोट, डुंडा-कुराह मोटर मार्ग का निर्माण वर्षों से लटका है। सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाएं, सिंचाई नहर, संपर्क मार्ग जस के तस छोड़े गए हैं। नाकुरी-कुंसी-बरसाली मार्ग का मलबा जीआईसी गढ़ बरसाली के खेल मैदान में उड़ेला गया है। इन स्थितियों में ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही है। उन्होंने सड़कों को तैयार कराने के साथ ही डुंडा-धनारी-फोल्ड मार्ग के डामरीकरण तथा गाजणा क्षेत्र के कमद-अयांरकाखाल-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग निर्माण की मांग की।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मांगों पर कार्रवाई न होने पर सात जनवरी से डुंडा तहसील परिसर में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रतिनिधिमंडल में लोकेंद्र बिष्ट, राजवीर, सोबन लाल, मोहन लाल, गजेंद्र सिंह, जयेंद्र सिंह, धर्मेंद, भगत सिंह आदि शामिल थे।