उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ प्रखंड के बनचौरा में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में काबीना मंत्री प्रीतम पंवार ने अधिकारियों को जनसमस्याओं और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।
तय कार्यक्रमानुसार बनचौरा में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में सड़क, बिजली, पानी तथा स्कूलों में शिक्षकों की कमी संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठायी गईं। शिविर में कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 73 परिवार रजिस्टर की नकल और 10 राशन कार्डों का नवीनीकरण करने के साथ ही चार विकलांग प्रमाणपत्र, 12 मूल निवास, 10 स्थाई निवास, 36 ओबीसी, 56 आय, 23 वृद्धावस्था और छह विधवा पेंशन के आवेदनों की औपचारिकताएं भी पूरी की गईं।
काबीना मंत्री ने जीआईसी बनचौरा में आवश्यक कार्यों हेतु विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को शीघ्र राज्य आंदोलनकारियों के प्रमाणपत्र जारी करने को कहा। डीएम डा. आर राजेश कुमार ने बताया कि संबंधित विभागों को शिविर में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।