उत्तरकाशी। रामलीला के सफल मंचन के बाद अब श्री आदर्श रामलीला समिति जिले में रामलीला आयोजन से जुड़े इतिहास को संजोने में जुट गई है। समिति ने ‘उत्तरकाशी गौरव श्री रामलीला स्मारिका’ प्रकाशित करने का निर्णय लिया है।
रामलीला आयोजन के बाद हुई आय-व्यय समीक्षा बैठक में समिति के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि इस वर्ष समिति को रामलीला में 1,63,283 रुपये दान स्वरूप प्राप्त हुए। जबकि कुल व्यय 1,41,674 रुपये हुआ। इसके साथ ही कुर्सी, पर्दे, वस्त्र एवं वाद्य यंत्र आदि संसाधनों के लिए गंगोत्री के विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने दो लाख , नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने 36 हजार तथा जिला पंचायत अध्यक्ष ने 11 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। बैठक में जिले में रामलीला आयोजन से जुड़े इतिहास पर चर्चा करते हुए एक स्मारिका निकालने का निर्णय लिया गया। जिसका लोकार्पण अगले वर्ष माघ मेला के अवसर पर किया जाएगा। बैठक में सचिव भागवत सेमवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश नौटियाल समेत कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद थे।