मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
बीते जनवरी माह में डुंडा निवासी शिवानंद भट्ट ने थाना कोतवाली में तहरीर दी थी कि एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर उनकी जमीन में जिओ कंपनी का टॉवर लगाने की बात कही। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम संजीवन बताया। व्यक्ति ने टावर लगाने के लिए फीस के नाम पर उनसे 22 हजार 300 रुपये मांगे, जो उन्होंने उक्त व्यक्ति के बताए एकाउंट में ऑन लाइन जमा कराए। इसके बाद उन्होंने उसी नंबर पर फोन किया, तो वह नंबर बंद आया। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि शिवानंद भट्ट की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल के आधार पर उक्त व्यक्ति की पहचान कृपाशंकर निवासी त्रिवेणी गंज विल्हौर कानपुर के रूप में हुई। जिसे बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान यूपी के ही रमेश यादव के साथ मिलकर टॉवर के नाम पर धोखाधड़ी करने की बात कही है।