उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने टेस्ट उत्तरकाशी नाम से वेबसाइट लांच की है। सोमवार को गंगोत्री विधायक गोपाल रावत एवं डीएम डा. आशीष चौहान ने वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने पालिका प्रशासन को सफाई एवं स्ट्रीट लाइट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टेस्ट उत्तरकाशी वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने कहा कि हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री एवं पर्यटक उत्तरकाशी जनपद में आते हैं। यात्रा मार्ग एवं विभिन्न पड़ावों पर विभिन्न रेस्टोरेंट एवं ढाबों में उन्हें स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाते हैं, लेकिन इसकी जानकारी नहीं होने के कारण पर्यटक इसका स्वाद नहीं ले पाते हैं। इस वेबसाइट के माध्यम से उन्हें विभिन्न रेस्टोरेंट एवं ढाबों के बारे में जानकारी मिलेगी। डीएम डा. आशीष चौहान ने कहा कि इस वेबसाइट के माध्यम से रेस्टोरेंट एवं ढाबों तक पहुंचकर लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद ले पाएंगे और अपनी राय भी दर्ज करा सकेंगे। इस मौके पर परियोजना निदेशक आरएस रावत, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, अधिशासी अधिकारी सुशील कुरील, स्वजल के लोकेंद्र चौहान, विजय संतरी आदि मौजूद रहे।