उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद को दो एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस प्रदान की गई हैं। आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से लैस इन एंबुलेंस की सेवा का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीपी जोशी ने हरी झंडी दिखाकर इन एंबुलेंस को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के लिए रवाना किया।
कैंप कंपनी ने भी विधिवत रूप से 108 एंबुलेंस सेवा का कार्यभार संभाला। कंपनी के जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र बडोनी ने बताया कि वर्तमान समय में जिला मुख्यालय सहित भटवाड़ी, धरासू, धौंतरी, ब्रह्मखाल, बड़कोट व मोरी क्षेत्र में एक-एक 108 एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जबकि पुरोला में जल्द ही नई 108 एंबुलेंस तैनात की जाएगी। इस मौके पर सीएमएस डॉ. बीएस रावत, डिप्टी सीएमओ डॉ. सीएस रावत आदि मौजूद रहे।