उत्तरकाशी। आगामी 11 मई को मुखबा मार्कण्डेय पुरी में गंगा अवतरण दिवस गंगा सप्तमी महापर्व महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। श्री गंगा जी सेवा ट्रस्ट की ओर से महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
हर वर्ष मुखबा मार्कण्डेय पुरी में गंगा सप्तमी महोत्सव आयोजित करने वाले श्री गंगा जी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक सेमवाल ने बताया कि पंचांग के अनुसार इस वर्ष गंगा सप्तमी 11 मई को है। इस दिन अखंड रामायण पाठ के साथ ही श्री गंगोत्पत्ति महात्म्य का मूल पाठ किया जाएगा। विश्व शांति एवं लोक कल्याण के लिए चौबीस हजार गायत्री जप करने के साथ ही गंगा भागीरथी में 11 हजार दीप प्रवाहित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से टकनौर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही गंगा स्वच्छता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रख्यात लोकगायक प्रीतम भरतवाण भी महोत्सव में बतौर मेहमान कलाकार शामिल होंगे।