चिन्यालीसौड़। बीते 19 अप्रैल को देवीसौड़ पुल के पास से गंगा भागीरथी में बहे युवक का शव शुक्रवार दोपहर को चिन्यालीसौड़ के कुमराड़ा क्षेत्र में नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर शव राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया। 19 अप्रैल को देवीसौड़ आर्कब्रिज के पास से एक युवक गंगा भागीरथी में बह गया था। इसकी सूचना मिलने के बाद से ही धरासू थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी थी।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे इस टीम ने कुमराड़ा गांव के निकट गंगा भागीरथी में युवक का शव बरामद किया। इसके बाद उसकी शिनाख्त करके शव को पोस्टमार्टम के लिए राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष धरासू विनोद थपलियाल ने बताया कि मृतक की शिनाख्त आलोक बमोला (27) निवासी पीपलमंडी के रूप में हुई है। राइंका चिन्यालीसौड़ में कार्यरत उसके पिता सत्यप्रकाश बमोला ने बीते दिनों पुलिस को तनाव से गुजर रहे अपने बेटे के लापता होने की मौखिक शिकायत की थी। मामला ग्रामीण क्षेत्र का होने के कारण पोस्टमार्टम व घटना की जांच के लिए शव को राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया गया है।