चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। पर्यटन विभाग एवं साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित द अल्टीमेट हिमालयन माउंटेन बाइकिंग चैलेंज प्रतियोगिता निर्णायक दौर में पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को मसूरी के लिए रवाना किया। इससे पूर्व बुधवार की शाम को चिन्यालीसौड़ में गंगा भागीरथी के किनारे भव्य गंगा आरती एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।
सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का संदेश देने के उद्देश्य से बीते 18 अप्रैल को नैनीताल से शुरू हुई द अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज रैली चिन्यालीसौड़ पहुंची थी। प्रतिभागियों के स्वागत में यहां गंगा भागीरथी के किनारे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे डीएम डा. आशीष चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर मसूरी के लिए रवाना किया। साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहायक सचिव बीएन सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता का अंतिम चरण है। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत आर्य, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, सीओ कमल पंवार, विजयप्रताप भंडारी, देवेंद्र पटवाल, फेडरेशन के मैक्सवैल, कुलदीप वालिया, रोशन राउत, बलवीर डोगरा, किशोर जोशी, गिरधर मनराल, हरीश शाह, सीमा शर्मा, हरीश शर्मा आदि मौजूद रहे।
विजेता की दौड़ में बने हुए हैं ये प्रतिभागी
द अल्टीमेट हिमालयन माउंटेन टैरेन बाइकिंग चैलेंज प्रतियोगिता के पांचवें चरण में इंडोनेशिया के जैनल फनानी और महिलाओं में सुरातिया पहले स्थान पर रहे। भारतीय वर्ग में दिनेश और पूनम राणा ने सबसे पहले फिनिशिंग लाइन पार की। अभी तक हुए पांच चरणों में ओवर ऑल प्रदर्शन के आधार पर इरान के परवीज मरदानी और नेपाल की लक्ष्मी पहले स्थान पर बने हुए हैं। भारतीय वर्ग में रजत पांडे, देवेंद्र कुमार, शिवेन, कमलेश राणा के बीच पहले स्थान के लिए टक्कर है।
चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध न होने पर नाराजगी
एमटीबी चैलेंज में शामिल दो प्रतिभागियों को डिहाइड्रेशन की शिकायत होने पर तत्काल चिकित्सा सेवाएं नहीं मिल पाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। मौके पर एंबुलेंस, चिकित्सक एवं दवाएं मौजूद नहीं होने पर डीएम ने चिकित्सा व्यवस्था के नोडल मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी चिन्यालीसौड़ के प्रभारी तथा पर्यटन अधिकारी का स्पष्टीकरण तलब किया। बाद में डीएम ने बाजार से इन प्रतिभागियों के लिए दवा मंगाकर उपचार कराया।