उत्तरकाशी। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी में वार्षिकोत्सव, प्रवेश उत्सव एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
वार्षिकोत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही योग, वंदना आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। विद्यालय के मेधावी छात्र निखिल पंवार एवं छात्रा राशि का चयन राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में होने पर विद्यालय के शिक्षकों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में शामिल हुए जिला शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाह ने अभिभावकों से अपने बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सीएल शाह, उप शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़, रामप्रकाश रावत, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, प्रधानाचार्य पूर्ण सिंह राणा, राजीव सेमवाल आदि अनेक लोग मौजूद रहे।