उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए उन्हें चरित्र पंजिका में उत्कृष्ट प्रविष्टि की घोषणा की गई। बीते माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार पुलिस कर्मियों को मैन ऑफ द मंथ घोषित कर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एसपी ने अब चार धाम यात्रा के सकुशल संचालन के दिशा-निर्देश दिए।
मंगलवार को एसपी पंकज भट्ट ने ज्ञानसू पुलिस लाइन में मासिक सम्मेलन और क्राइम मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने बीते सम्मेलन में पुलिस कर्मियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की । एसपी ने लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की सराहना करते हुए सभी को चरित्र पंजिका में उत्तम प्रविष्टि की घोषणा की। इस अवसर पर चुनाव सेल में नियुक्त पुलिस के सभी अधिकारी, कर्मचारी, थाना प्रभारी एवं वाचक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बीते माह उत्कृष्ट कार्य के लिए थानाध्यक्ष धरासू विनोद थपलियाल, एसआई रमेश डोभाल, कांस्टेबल ओसाफ खान एवं विजेंद्र चौहान को मैन ऑफ द मंथ घोषित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
क्राइम मीटिंग में एसपी ने पुलिस बल को आगामी चार धाम यात्रा सीजन के लिए मुस्तैद होने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कमल सिंह पंवार, वाचक महादेव उनियाल सहित तमाम अधिकारी एवं पुलिस के जवान मौजूद रहे।