बड़कोट(उत्तरकाशी)। सोमवार को बड़कोट में हुए भीषण अग्निकांड में 41 लाख 16 हजार रुपये की परिसंपत्तियों के नुकसान का आकलन किया गया। राजस्व विभाग ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
सोमवार को बड़कोट नगर में हुए अग्निकांड में सात दुकानें जलकर राख हो गई थीं, जबकि इससे सटी दस अन्य दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा था। आग ठंडी होने के बाद मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अग्निकांड में क्षति का आकलन किया। राजस्व उपनिरीक्षक हिम्मत सिंह असवाल ने बताया कि अग्निकांड में ओम मेडिकल स्टोर के मालिक जयदेव रावत का 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि रजाई गद्दे व आईसक्रीम की दुकान चलाने वाले शरीफ अहमद को भी दस लाख, चाय की दुकान चलाने वाले चंद्रमोहन को 50 हजार, मोबाइल फोन की दुकान के मालिक गौतम पंवार का 5 लाख, कास्मेटिक दुकान के मालिक केदार सिंह का चार लाख, कपड़े की दुकान के मालिक अरविंद का छह लाख, टेलरिंग की दुकान चलाने वाली अंजना का ढाई लाख और कास्मेटिक की दुकान चलाने वाली तारावती का डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। आसपास की दस दुकानों को भी इस अग्निकांड में आंशिक क्षति पहुंची। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में कुल 41 लाख 16 हजार रुपये की क्षति का आकलन किया गया। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी गई है।