नौगांव (उत्तरकाशी)। उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा में ब्लॉक के दो युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। कलोगी गांव के दीवान सिंह राणा तथा भंकोली गांव की राखी ने परीक्षा में क्रमश: 32वीं एवं 79वीं रैंक लेकर यह उपलब्धि हासिल की है। दीवान सिंह राणा को नायब तहसीलदार व राखी को खाद्य पूर्ति निरीक्षक का पद मिला है।
कलोगी गांव के दीवान सिंह राणा ने गांव से ही इंटर तक की पढ़ाई की। इसके बाद पुरोला महाविद्यालय से स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की। वह वर्तमान में अल्मोड़ा में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। दीवान के पिता खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि मां का निधन हो चुका है। वहीं भंकोली नौगांव की राखी ने गांव से ही प्राथमिक शिक्षा लेने के बाद राइंका नौगांव से इंटर, डीबीएस कॉलेज देहरादून से ग्रेजूएशन की, जिसके बाद उन्होंने डीएवी कॉलेज देहरादून से बीएड भी किया। वर्ष 2016 से उत्तराखंड पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात राखी के पिता धरम दास, माता मीमो देवी खेतीबाड़ी करते हैं।