उत्तरकाशी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ ही राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाने के लिए उत्तराखंड की जनता से सहयोग मांगा। उन्होंने ऑल वेदर रोड को उत्तराखंड की भाग्यरेखा बताया।
रामलीला मैदान में गंगा यमुना और बाबा विश्वनाथ के महात्म्य के साथ अपना संबोधन शुरू कर शाह ने कहा कि गंगा एवं यमुना और चार धामों की वजह से उत्तराखंड की देश-दुनिया में अलग पहचान है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उत्तराखंड को 17 हजार करोड़ की ऑल वेदर रोड परियोजना की सौगात दी है और यह योजना उत्तराखंड की भाग्य रेखा साबित होगी। पहाड़ के गांवों की महिलाओं को मालूम है कि चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी की टहनियां बीनने में कितनी दिक्कत होती थी। भाजपा सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत देश की सात करोड़ महिलाओं तक रसोई गैस पहुंचाई। आयुष्मान योजना के तहत देश की 50 करोड़ की आबादी के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था की। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत ने तो एक कदम आगे बढ़कर प्रदेश की शतप्रतिशत जनता को योजना से जोड़ा है। पहाड़ के गांवों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए समग्र ग्राम विकास स्तर पर कार्य किया जा रहा है। सवर्ण गरीब परिवार लंबे समय से आरक्षण की मांग कर रहे थे। भाजपा ने उनके लिए दस प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की। अटल जी ने उत्तराखंड राज्य बनाया था और अब सीएम त्रिवेंद्र रावत और पीएम नरेंद्र मोदी की जोड़ी राज्य को तेजी से विकास के पथ पर ले जा रही है।
गरीब हटाओ का नारा देने वालों ने नहीं देखी कभी गरीबी : शाह
उत्तरकाशी। कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी गरीबी देखी ही नहीं। नेहरु-गांधी खानदान ने हमेशा सत्ता हासिल करने के लिए गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी हटाई नहीं। इस बार भी ऐसा ही है। कांग्रेस पार्टी देशद्रोह और आर्म्ड फोर्स स्पेशल पावर एक्ट (अफस्पा) हटाने की बात करती है, तो उसे बताना चाहिए कि वह किन देशद्रोहियों को बचाना चाहती है। कांग्रेस की सहयोगी पार्टी जम्मू कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री की बात करती है, इस पर भी राहुल गांधी का जवाब देना चाहिए। साथ ही हम बता देना चाहते हैं कि भाजपाइयों की जान में जान रहते ऐसा कभी संभव नहीं हो पाएगा। अमित शाह ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद सेना ने एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने तबाह किए, तो सबसे ज्यादा मायूस पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और राहुल गांधी की टीम थी। भारत की सेना के जवानों के साथ चट्टान की तरह खड़े होने के बजाय उनका मनोबल गिराने वाली कांग्रेस पार्टी देश को सुरक्षित नहीं रख सकती। उन्होंने सभी लोगों से विकास के साथ ही देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाने में सहयोग की अपील की।