उत्तरकाशी। उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक त्रिवेंद्र पंवार ने कांग्रेस व भाजपा को पहाड़ विरोधी घोषित करते हुए जनता से राष्ट्रीय दलों के छलावे से बचने की अपील की।
यूकेडी नेता टिहरी संसदीय सीट प्रत्याशी जयप्रकाश उपाध्याय का चुनाव प्रचार करने लिए नगर में पहुंचे थे। यहां हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश में दशकों से सत्ता पर काबिज राष्ट्रीय दलों ने आज तक उत्तराखंड के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया है, जिससे जल, जंगल, जमीन सहित रोजगार, मूल निवास, पलायन, जंगली जानवरों के आतंक आदि पहाड़ के प्रमुख मुद्दों के लिए बलिदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों के सपने आज भी अधूरे पड़े हैं। ऐसे में सभी लोगों को इनके झूठे वादों से बचते हुए यूकेडी को भारी मतों से जीत दिलानी चाहिए। इस मौके पर किशन रावत, विक्रम बिष्ट, विष्णुपाल रावत, बीएस सजवाण, जेठूलाल भारती, रविंद्र नौटियाल, भगवान दास मिनान, अतुल पंवार, जितेंद्र नेगी, पार्वती देवरानी, संजय सेमवाल, प्रभुदत्त भट्ट आदि मौजूद रहे।