Chief Minister Trivendra Singh Rawat
- फोटो : amarujala
पुरोला (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव राष्ट्रवाद और परिवारवाद के बीच लड़ा जा रहा है। जहां एक तरफ भाजपा देश की सेवा एवं जनता के विकास के लिए चुनाव जीतना चाहती है, वहीं कांग्रेस मात्र गांधी परिवार की सत्ता को बरकरार रखने के लिए चुनाव लड़ रही है। ऐसे में अब जनता ही अपने वोट की ताकत से देश का भविष्य तय कर सकती है। यह बात उन्होंने पुरोला के नेहरू नगर स्थित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मंगलवार को भाजपा की टिहरी प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह का प्रचार करने के लिए पुरोला नगर क्षेत्र में रोड शो व जनसभा का आयोजन किया गया। सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश का चहुंमुखी विकास किया है। सरकार ने भ्रष्टाचार व काले धन पर लगाम लगाते हुए देश की आर्थिकी को मजबूती प्रदान की है, जबकि विदेश नीति में सुधार लाते हुए भारत को विश्व पटल पर नई पहचान भी दिलाई है। वहीं सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए आतंकी ताकतों को भी कड़ा सबक सिखाया है। इसके अतिरिक्त सरकार ने आयुष्मान, उज्ज्वला, सौभाग्य, किसान सम्मान निधि जैसी दर्जनों कल्याणकारी योजनाएं चलाकर आम आदमी का विकास भी किया है। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह ने भी जनता से वोट देने एवं मोदी सरकार को मजबूती प्रदान करने की अपील की। इस मौके पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, यमुनोत्री विधायक केदार रावत, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, राजेश जुवांठा, मालचंद, नारायण सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी ने रोड शो कर मांगे वोट
नौगांव/बड़कोट/पुरोला। भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने मंगलवार को नगर पंचायत नौगांव में रोड शो कर जनता से वोट देने की अपील की। पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए टिहरी लोकसभा सीट की उम्मीदवार ने जनता के समक्ष केंद्र व राज्य सरकर की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही कांग्रेस के छलावे में आए बिना नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने बड़कोट तथा पुरोला क्षेत्र में भी रोड शो कर पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस मौके पर महावीर रांगड़, श्याम डोभाल, शशि मोहन राणा, विजय बन्धानि, मीना रावत, सुनीता नौटियाल आदि मौजूद रहे।