चिन्यालीसौड़। ग्रामीण अपनी मांगों के पूरा न होने से दुखी हैं। एक तरफ जहां मगाणगांव के ग्रामीण वर्ष 2016 में स्वीकृत सड़क का निर्माण शुरू न होने पर रोष में हैं तो वहीं बिष्ट पट्टी के ग्रामीण राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का भवन स्वीकृत होने के बाद भी न बनने से आक्रोशित है।
रिखाणगांव के पंचायत भवन में ग्राम प्रधान सुशीला देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई । ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2016 में बनचौरा-बणगांव मोटर मार्ग से मगाण गांव के लिए सड़क स्वीकृत हुई थी। वन विभाग से स्वीकृति के बावजूद अभी तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। बार-बार मांग करने पर भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क का निर्माण शुरू कराने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व प्रधान अतर सिंह, शेर सिंह पंवार, गीता देवी, संगत सिंह, शांति लाल, कमल सिंह, गोविंद सिंह, सोहन सिंह आदि अनेक लोग मौजूद थे।
उधर जेष्टवाड़ी गांव के रेणुका विद्या मंदिर में हुई बैठक में ग्रामीणों ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय भवन निर्माण पर चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2002 में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय स्वीकृत हुआ था। इसके लिए ग्रामीणों ने दीवारखोल धारकोट में विद्यालय भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करायी थी, लेकिन अभी तक यहां भवन का निर्माण नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र विद्यालय भवन निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। इस मौके पर ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह एवं रोशनी देवी समेत धारकोट, जोखणी, जेष्टवाड़ी, चिलोट, इंद्रा टिपरी आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।