पुरोला (उत्तरकाशी)। ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को महाराणा प्रताप छात्र परिषद् द्वारा डैरिका गांव में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सफलतापूर्वक स्वरोजगार कर रहे लोगों ने युवाओं को कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन आदि क्षेत्रों में मौजूद अवसरों की जानकारी दी।
रर्वाइं क्षेत्र में बेरोजगारी की मार झेल रहे युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के लिए महाराणा प्रताप छात्र परिषद् का गठन किया गया है। रविवार को डैरिका गांव में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पुरोला, मोरी, नौगांव आदि क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली आदि क्षेत्रों में सफलतापूर्वक स्वरोजगार कर रहे युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए। पौड़ी के सुभाष सिंह व मुकेश चंद ने बेरोजगारों को कृषि बागवानी क्षेत्र में प्रयोग हो रही नवीन तकनीकों व फसलों की जानकारी दी।
परिषद् के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देकर पर्वतीय जिलों से बेरोजगारी व पलायन जैसी समस्याओं का निस्तारण किया जा सकता है। सरकार भी क्षेत्र में कई अहम योजनाएं संचालित कर रही है। क्षेत्र के कई युवा प्रधानमंत्री स्वरोजगार ऋण के लिए बैंक में आवेदन कर रहे हैं, लेकिन बैंकों के चक्कर काटने के बावजूद अधिकारी उनको ऋण प्रदान नहीं कर रहे हैं। इस मौके पर परिषद् के संयोजक राजपाल रावत, पंकज सिंह, पंकज गैरोला, सरतराम नौटियाल, बलवीर सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।