उत्तरकाशी। लोकसभा चुनावों की तैयारियों के बीच शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा बैठक की गई, जिसमें संगठन की मजबूती एवं चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने प्रीतम सिंह चौहान को टिहरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार मनोनीत किए जाने पर हर्ष जताया।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों एवं गलत नीतियों को उजागर करने को कहा। उन्होंने कहा कि टिहरी सीट प्रत्याशी प्रीतम चौहान को जीत दिलाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित तमाम मोर्चों के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर में कार्य करना होगा। इस बीच विजयपाल महर को ओबीसी मोर्चे का जिलाध्यक्ष, यशपाल सजवाण व आनंद पंवार को जिला डाटा विश्लेषक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल, मनमोहन शाह, घनानंद नौटियाल, जगमोहन रावत, कनकपाल परमार, धर्मेंद्र राणा, दिनेश चौहान, कमल सिंह रावत, मीना नौटियाल, कविता जोगेला, मनीष राणा, दिवाकर भट्ट आदि मौजूद रहे।