चिन्यालीसौड़। निर्माणाधीन जुणगा-तराकोट मोटर मार्ग के लिए अधिग्रहित जमीन का प्रतिकर नहीं मिलने से गुस्साए तराकोट के ग्रामीणों ने सड़क के बीच पत्थरों की दीवार खड़ी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। मौके पर पहुंचे राजस्व के अधिकारियों द्वारा एक मई तक प्रतिकर दिलाने के आश्वासन पर ही ग्रामीणों ने दीवार हटाकर यातायात बहाल किया।
लोनिवि द्वारा जुणगा-तराकोट मोटर मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। करीब डेढ़ साल पहले सड़क का कटान कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक कई ग्रामीणों को भूमि का प्रतिकर नहीं मिला है। इससे गुस्साए तराकोट के ग्रामीणों ने सोमवार शाम को गांव के पास सड़क के बीच पत्थरों की दीवार खड़ी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि प्रतिकर मिलने तक वह सड़क पर वाहन नहीं चलने देंगे। सूचना मिलते ही मंगलवार को तहसीलदार ज्योति सिंह नेगी और राजस्व उपनिरीक्षक राम सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को एक मई तक भूमि प्रतिकर दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने दीवार हटाकर यातायात बहाल कर दिया। इस मौके पर सोबन सिंह, मनवीर सिंह, श्रीपाल सिंह, जगत सिंह, जयचंद, बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।