गढ़वाल। बसंत ऋतु का आगमन होने के बावजूद पहाड़ में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमने को नहीं है। बृहस्पतिवार को भी चारों धामों सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। केदारनाथ में दिनभर हल्की बर्फबारी हुई। इस दौरान करीब एक फीट ताजी बर्फ जम गई है। गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर बाद हिमपात हुआ है।
उत्तरकाशी। जिले में बृहस्पतिवार को दिनभर धूप व बादलों की आंख मिचौली के बाद शाम साढ़े छह बजे जिला मुख्यालय सहित अधिकांश निचले इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित ढाई हजार मीटर से अधिक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। खरसाली गांव के कुलदीप उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम व खरसाली गांव के आसपास शाम से बर्फबारी होने से धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हो गए हैं। मुखबा गांव स्थित गंगा मंदिर के पुजारी सुधांशु सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री क्षेत्र में बुधवार रात से ही रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरे उपला टकनौर क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में सुबह छह बजे से शुरू हुआ हल्की बर्फबारी का सिलसिला शाम तक जारी रहा। इससे पहले बुधवार दोपहर बाद से देर रात तक एक फीट तक बर्फ गिरी थी। बीते दो दिनों में रुक-रुककर 20 घंटे से अधिक समय तक बर्फबारी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान आठ और न्यूनतम माइनस छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में भी बर्फबारी हुई है। रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में दोपहर बाद से घने बादल छाए रहे। इस दौरान बूंदाबांदी भी हुई।