बड़कोट। राजकीय महाविद्यालय में रविवार को छात्रसंघ समारोह का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आगाज हुआ। दो दिवसीय समारोह के पहले दिन छात्र छात्राओं के साथ ही लोक गायिका निधि राणा ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
रविवार को कालेज परिसर में आयोजित समारोह का यमुनोत्री विधायक केदार रावत ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय की समस्याएं दूर करने के साथ ही इसके विकास में हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की मांग को देखते हुए कालेज में जल्द ही वाणिज्य संकाय भी शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कला एवं विज्ञान संकाय में नए विषयों को भी शामिल किया जाएगा। प्राचार्य डा. एके तिवारी ने कहा कि कालेज में जल्द ही एनसीसी यूनिट तथा स्नातकोत्तर में चार नए विषय संचालित करने की योजना बनाई गई है। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत, ब्लॉक प्रमुख रचना बहुगुणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रकाश असवाल, डा. डीएम मेहरा, सोनू मीर, अजय रावत, रविंद्र रावत, शैलेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।