उत्तरकाशी। आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारियों के तहत शनिवार को पीजी कालेज के ऑडिटोरियम में युवा मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के बारे में जानकारी दी गई।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीन की कार्यप्रणाली समझाते हुए जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में शनिवार को पीजी कालेज के ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नोडल अधिकारी आरएस रावत एवं मास्टर ट्रेनर डीडी रतूड़ी ने मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सांकेतिक मतदान के माध्यम से ईवीएम का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें 170 नए बन मतदाताओं के साथ प्राध्यापकों ने भी हिस्सा लिया। साथ ही चिन्यालीसौड़, ब्रह्मखाल, बड़कोट एवं पुरोला के महाविद्यालय में भी युवा मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन का प्रशिक्षण दिया गया।