उत्तरकाशी। जिला प्रशासन व वन विभाग ने गंगोत्री नेशनल पार्क सहित अन्य सभी ट्रैक रूटों पर एक अप्रैल से ट्रेकिंग और माउंटेनियरिंग गतिविधियां संचालित करने की अनुमति दे दी है। हालांकि अभी पंजीकृत एजेंसियों के साथ जाने वाले पर्यटक ही पार्क में जा सकेंगे, जबकि अन्य पर्यटक 15 अप्रैल से ही पार्क के दीदार कर पाएंगे।
जिले की माउंटेनियरिंग और ट्रेकिंग एसोसिएशन लंबे समय से ट्रेकिंग सीजन की समय सीमा बढ़ाने की मांग कर रही थी। इसका संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन व गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने इस बार गंगोत्री नेशनल पार्क सहित तमाम उच्च हिमालयी ट्रेक रूटों को तय समय से 15 दिन पहले ही खोलने की अनुमति दे दी है। इस बार एक अप्रैल से 30 नवंबर तक ट्रेकिंग व माउंटेनियरिंग अभियानों को संचालित किया जा सकेगा। ट्रेकिंग व माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने प्रशासन व वन विभाग के निर्णय की सराहना करते हुए गंगोत्री विधायक का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने प्रशासन से साहसिक गतिविधियों के संचालन के लिए केवल स्थानीय एजेंसियों को ही अधिकृत करने की मांग की।
पर्वतारोहण और ट्रेकिंग करने वाले पर्यटकों के लिए इस बार गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट एक अप्रैल से 30 नवंबर तक खोले जाएंगे। हालांकि यह सुविधा केवल पंजीकृत एजेंसियों के साथ जाने वाले पर्यटकों के लिए ही है। गोमुख व तपोवन तक जाने वाले सामान्य पर्यटकों व तीर्थयात्रियों को 15 अप्रैल से ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
-एनवी शर्मा, उप निदेशक गंगोत्री नेशनल पार्क।
ट्रैकिंग व माउंटेनियरिंग कारोबारियों की मांग पर गंगोत्री नेशनल पार्क व अन्य सभी ट्रैकिंग रूटों को निर्धारित समय से 15 दिन पहले खोलने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रशासन ने इस बार गोमुख, हरकीदून व नेलांग के साथ ही करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक रूटों को सिंगल विंडो सिस्टम से जोड़ दिया है। जिससे देश विदेश के पर्यटकों को ऑन लाइन पंजीकरण की सुविधा मिल सकेगी।
डा.आशीष चौहान, डीएम उत्तरकाशी।