उत्तरकाशी। गंगोत्री हिमालय क्षेत्र की चार अनाम चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले पर्वतारोही दल के सदस्यों का देहरादून में आयोजित समारोह में स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने दल में शामिल पर्वतारोहियों को सम्मानित किया। इन चोटियों का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजेपई के नाम पर करने का प्रस्ताव है।
बीते साल अक्तूबर माह में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अभियान दल ने गंगोत्री हिमालय के रक्तवर्ण ग्लेशियर क्षेत्र में चार अनाम चोटियों पर सफल आरोहण किया था। इन चोटियों की ऊंचाई क्रमश: 6566 मीटर, 6557 मीटर, 6126 मीटर और 6050 मीटर है। इस अभियान दल का नेतृत्व निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने किया था और दल में अवधेश भट्ट, विजेंद्र सिंह, राकेश राणा, विश्वेश्वर प्रसाद, घनश्याम, अनामिका बिष्ट एवं ज्योत्सना रावत शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व बुधवार को देहरादून में आयोजित समारोह में इस पर्वतारोही दल का स्वागत किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सीएम त्रिवेंद्र रावत ने दल में शामिल पर्वतारोहियों का सम्मान किया और उनके साहस की सराहना की। निम के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने बताया कि उक्त चारों अनाम चोटियों का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर अटल-1, अटल-2, अटल-3 व अटल-4 रखने का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यह चोटियां अटल श्रृंखला के नाम से जानी जाएंगी। देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में काबीना मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, डा. हरक सिंह रावत, रेखा आर्य, डा.धन सिंह रावत आदि भी मौजूद रहे।