उत्तरकाशी। जनपद में साहसिक खेलों को बढ़ावा देकर रोमांच के शौकीनों को आकर्षित करने की कोशिश के तहत साहसिक खेल विभाग की ओर से हाई हिमालयन हर्डल रेस का आयोजन किया जा रहा है। हर्षिल वैली में होने वाले इवेंट में 22 युवा शामिल हो रहे हैं। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने इसका शुभारंभ किया।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में डीएम डा. आशीष चौहान ने बताया कि जनपद में साहसिक खेल एवं पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। हाई हिमालयन हर्डल रेस भी इसी तरह की गतिविधि है। इसमें प्रतिभागी पावर रन के साथ ही लॉंग वॉक, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग, मंकी क्राउलिंग आदि रोमांचक गतिविधियों में शामिल होते हैं। जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री ने बताया कि सात मार्च को हर्षिल वैली में होने वाली रेस में 16 स्थानीय युवक एवं 6 युवतियां शामिल होंगे। एक मार्च से इन प्रतिभागियों को झाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने हाई हिमालयन हर्डल रेस का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से भविष्य में जिले में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, सीडीओ प्रशांत आर्य, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, अजय पुरी, दीपक राणा आदि मौजूद रहे।