उत्तरकाशी (बड़कोट)। तीन से 6 आयु वर्ग के बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र में दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसमें जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एनसीआरटी के मानकों के अनुसार छोटे बच्चों को शिक्षा प्रदान करने का गुर सिखाया जा रहा है।
बड़कोट डायट के प्राचार्य विनोद सेमल्टी ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत 16 से 25 फरवरी तक आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल मनोविज्ञान व एनसीआरटी शिक्षा पद्धति की जानकारी देना है। मास्टर ट्रेनर संदीप निगम व शांति रतूड़ी ने बताया कि कार्यशाला के पहले चरण में जिले की 88 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुनियादी शिक्षा व रोचक अध्ययन के साथ ही व्यायाम, प्रार्थना, भावगीत, बाल समाचार, परिचय खेल, बाल मनोविज्ञान आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर छोटी उम्र में ही बच्चों की नींव मजबूत कर दी जाए, तो वह प्राथमिक व माध्यमिक स्तर की शिक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।