बड़कोट। भारी बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर नैनबाग और डामटा के बीच सड़क का करीब दस मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे हरबर्टपुर से यमुनाघाटी के बीच चलने वाला यातायात प्रभावित हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड ने प्रभावित क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए जल्द ही हाईवे बहाल करने का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मंगलवार देर रात नैनबाग और डामटा के बीच यमुनोत्री हाईवे का करीब दस मीटर हिस्सा धंस गया, जिसके चलते बुधवार सुबह से ही हरर्बटपुर और यमुना घाटी के बीच चलने वाला यातायात प्रभावित हो गया है। मौके पर तैनात एनएच कर्मचारी और पुलिस के जवान छोटे वाहनों को सुरक्षित तरीके से पार करा रहे हैं, लेकिन ट्रक, बस आदि भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से बड़कोट, नौगांव, पुरोला, मोरी आदि क्षेत्रों के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, मौके पर मौजूद एनएच के सहायक अभियंता मनोज रावत ने बताया कि भूधंसाव होने से हाईवे का कुछ हिस्सा खोखला हो गया है, जिससे उक्त क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर कुछ दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। छोटे वाहनों को सुरक्षित तरीके से निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाईवे के नीचे हार्ड रॉक होने से उसे दुरुस्त करने के लिए बड़ी मशीनों की जरूरत पड़ेगी, जिसके चलते हाईवे को बहाल करने में अभी एक-दो दिन का समय लगेगा।