बड़कोट। पौराणिक कुंड की जातर वसंत मेले का शुक्रवार को गमगीन माहौल के बीच समापन किया गया। तीन दिवसीय मेले के अंतिम दिन सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों की याद में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर आक्रोशित जनता ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने ‘ए मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी’ गीत प्रस्तुत कर हर किसी को भाव विभोर कर दिया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने सभी कार्यक्रमों को स्थगित करने की घोषणा करते हुए सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सीधी लड़ाई में हर बार मात खाने के बाद अब पाकिस्तान कायराना तरीके से हमारे जवानों को निशाना बना रहा है। इसे देखते हुए सरकार को अब कठोर कदम उठाते हुए आतंकवाद को जड़ से मिटा देना चाहिए। उन्होंने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश जवानों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य कुलदीप बिष्ट, एएमए कबूल चंद सहित धर्मेंद्र बिष्ट, मनमोहन रावत, आनंद राणा और अमित डिमरी आदि मौजूद रहे।