चिन्यालीसौड़। सड़क निर्माण में लगी जेसीबी खाई में गिरने से मशीन आपरेटर की मौत हो गई, जबकि सहायक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सोमवार सुबह निर्माणाधीन मणी-गढ़वाल गाड़ मोटर मार्ग पर कार्य कर रही जेसीबी अनियंत्रित होकर करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे मशीन आपरेटर शुभम (25) पुत्र मोतीलाल निवासी सहारनपुर, यूपी व सहायक गोपाल सिंह (26) पुत्र सुभाष सिंह निवासी पंजीया कालसी, देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां गोपाल सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। राजस्व उपनिरीक्षक दिनेश नाथ ने बताया कि संभवत: सड़क का पुश्ता धंसने के कारण जेसीबी खाई में गिरी होगी। हालांकि जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा।