उत्तरकाशी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। धरासू थाना पुलिस ने धरासू बैंड टैक्सी यूनियन में गोष्ठी कर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए इनका अनुपालन करने को कहा।
थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल एवं परिवहन विभाग के भारत भूषण ने यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही चालकों एवं आम लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए। इस मौके पर टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह रावत सहित कई मौजूद थे। इधर राइंका डुंडा में पुलिस चौकी इंचार्ज रमन बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को वाहन हादसों के कारण और यातायात नियमों के बारे में बताया। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि सड़क हादसों के लिहाज से जनपद बेहद संवेदनशील है। इसे देखते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न सड़कों पर डेंजर जोन चिह्नित किए जा रहे हैं।