उत्तरकाशी। भटवाड़ी तहसील मुख्यालय पर खुले सरकारी दफ्तरों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर लोगों धरना दसवें दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।
बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि तहसील समेत अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जिला मुख्यालय पर बैठ कर ही काम निबटा रहे हैं। एक ओर तो सरकार पलायन रोकने की बात कह रही है, वहीं सरकारी विभाग ही सीमांत क्षेत्र से पलायन कर रहे हैं। इससे क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। वर्ष 2010 में भटवाड़ी तहसील भवन भूधंसाव से क्षतिग्रस्त होने के बाद से अभी तक यहां नए तहसील भवन का निर्माण नहीं कराया गया है।
धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विजय संतरी, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम रावत, मुनेंद्र सिंह की मांग को जायज बताते हुए समर्थन दिया। उन्होंने बताया कि गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र भटवाड़ी के सभी दफ्तरों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कुशला प्रसाद रतूड़ी, राजेश रतूड़ी, रवि रावत, विनोद रतूड़ी, संजय सेमवाल, सुनील रावत, विपिन राणा, बृजपाल राणा आदि मौजूद रहे।