पुरोला। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर लौटी राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्रा स्मिता नौटियाल पीएम मोदी द्वारा परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के लिए दिए गए टिप्स साथियों से साझा किए।
बालिका इंटर कालेज पुरोला में 12वीं कक्षा की छात्रा स्मिता का चयन बीते 29 जनवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए हुआ था। मोरी प्रखंड के धेवरा गांव निवासी स्मिता के पिता इंद्रमणि नौटियाल टौंस वन प्रभाग में वन क्षेत्राधिकारी हैं। दिल्ली से लौटी स्मिता ने परीक्षा के दौरान तनाव से मुक्त रहने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए टिप्स के आधार पर उसने कहा कि बच्चों का मूल्यांकन कभी अंकों के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। हर बच्चे में अलग-अलग विलक्षण क्षमताएं होती हैं, जो समय आने पर सामने आती है। परीक्षा में कम अंक आने पर बच्चों के भविष्य का निर्धारण नहीं किया जा सकता। प्रधानाचार्य वंदना ढौडियाल ने कहा कि स्मिता ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है।