उत्तरकाशी। ऊर्जा संरक्षण के लिए चलाए गए अभियान में राइंका भंकोली के शिक्षक डा. शंभू प्रसाद नौटियाल एवं अगोड़ा के प्रधान चंद्रलाल विश्वकर्मा ने सक्रिय योगदान दिया। इसके लिए उन्हें ‘ऊर्जा के हीरो’ सम्मान से नवाजा गया।
विज्ञापन
बीते साल स्पैक्स एवं हीरो मोटो कॉर्प लिमिटेड की ओर से ऊर्जा संरक्षण अभियान चलाया गया था। इसमें राज्य के 280 गांवों के लोगों को निशुल्क एलईडी बल्ब मुहैया कराए गए। स्पैक्स के सचिव डा. बृजमोहन शर्मा ने बताया कि एलईडी बल्बों के प्रयोग को बढ़ावा देकर प्रतिवर्ष 3.12 करोड़ यूनिट बिजली की बचत सुनिश्चित की गई। जनपद में राइंका भंकोली के शिक्षक डा. शंभू प्रसाद नौटियाल और अगोड़ा गांव के प्रधान चंद्रलाल विश्वकर्मा ने असी गंगा घाटी के अगोड़ा, ढासड़ा, दंदालका, भंकोली, नौगांव, गजोली, सेकू, उत्तरों और नाल्ड गांव में 1670 परिवारों को स्पैक्स एवं हीरो मोटो कॉर्प कंपनी की मदद से 6680 एलईडी बल्ब निशुल्क मुहैया कराए। ऊर्जा संरक्षण के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कंपनी ने उक्त दोनों को ‘ऊर्जा के हीरो’ सम्मान के लिए चयनित किया। बीते शनिवार को देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हाथों दोनों को सम्मानित किया गया।