बड़कोट। यमुनोत्री धाम के निकट कुपड़ा गांव में शेषनाग देवता के प्राचीन मंदिर में नवनिर्मित मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। सात दिनों तक चलने वाले अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कुपड़ा गांव स्थित शेषनाग देवता मंदिर के प्रति क्षेत्र ही नहीं बाहरी क्षेत्रों के लोगों में भी अगाध आस्था है। ग्रामीणों ने शेषनाग देवता की दिव्य विग्रह मूर्तियों का जीर्णोद्धार कराया है। अब नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठान के लिए यहां भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को व्यास रामगोपाल पैन्यूली, आचार्य विरेश नौटियाल आदि विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अनुष्ठान शुरू किया गया। इस मौके पर गांव की प्रधान अनीता राणा, शैलेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य भगत सिंह राणा, मंदिर समिति के अध्यक्ष विजयपाल राणा, मनमोहन सिंह, चैन सिंह, सागर राणा, चंद्रमोहन सिंह आदि अनेक लोग मौजूद रहे।