उत्तरकाशी। वन विभाग की विभिन्न डिविजनों से निकाले गए दैनिक श्रमिकों ने सरकार से दोबारा नियुक्ति की मांग की है। सीएम को भेजे ज्ञापन में कर्मचारियों ने वन विभाग के अधिकारियों पर कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए ठोस कार्रवाई करने की अपील की है।
कर्मचारियों ने बताया कि वे सभी दशकों से उत्तरकाशी वन प्रभाग, भूमि संरक्षण वन प्रभाग व टिहरी डैम द्वितीय वन प्रभाग में दैनिक श्रमिक के तौर पर कार्य कर रहे थे, लेकिन विगत 27 अप्रैल को जारी शासनादेश के तहत विभाग ने बिना किसी कारण व सुनवाई के सभी दैनिक श्रमिकों की सेवाएं समाप्त कर दी। इसके विरोध में कर्मचारियों द्वारा हाईकोर्ट में रिट दायर की गई थी, जिसकी सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 17 दिसंबर को आदेशों को अग्रिम तिथि तक बढ़ा दिया था। ज्ञापन देने वालो में रुकम दास, प्रेम सिंह, राजवीर सिंह, शिव शंकर, जय प्रसाद सेमवाल, शूरवीर सिंह आदि शामिल रहे।