उत्तरकाशी। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा विराट शंखनाद सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी लोगों ने केंद्र सरकार से संसद में विधेयक पारित कर शीघ्र राम मंदिर का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर स्वयं मंदिर का निर्माण करने और जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता रामलीला मैदान में एकत्र हुए। यहां विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा विराट शंखनाद सभा का आयोजन किया गया। सभा के दौरान अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा की गई। बजरंग दल के प्रांत संयोजक अनिल सैनी ने बताया कि दशकों बीत जाने और लंबे संघर्षों के बावजूद मंदिर नहीं बन पा रहा है। गोरक्षा संगठन के प्रमुख रनदीप पोखरियाल ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद लोगों के मन में राम मंदिर बनने की उम्मीद जगी थी, लेकिन चार साल से अधिक का समय बीतने पर भी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। इस मौके पर शिवानंद चमोली, अपील रवांल्टा, चैन सिंह चौहान, खेमराज, आजाद डिमरी, अजय बडोला, मनोहर श्याम नौटियाल, चंद्रप्रकाश बहुगुणा, भगवती प्रसाद, अंकित सकलानी, वासुदेव, सौरभ व्यास आदि मौजूद रहे।